गोरखपुर में एक महिला से रेप का मामला सामने आया है। रिश्ते में देवर लगने वाले युवक ने महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दरिंदगी की। इस बीच महिला प्रेग्नेंट हो गई, तब उसने इसकी शिकायत पुलिस से की।
घटना चौरीचौरा इलाके में 25 जनवरी 2023 की है। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने 3 महीने बाद 7 अप्रैल को केस दर्ज किया। इसके बाद रविवार को पुलिस ने आरोपी देवर सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हाटा कुशीनगर का रहने वाला है।
महिला के घर आया था देवर
महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है, उसकी शादी कुशीनगर जिले में हुई है। जबकि, मायका चौरीचौरा इलाके के एक गांव में है। पति बाहर रहकर काम करते हैं, इसलिए महिला भी ज्यादातर अपने मायके में ही रहती है। 25 जनवरी, 2023 को ससुराल के रिश्ते में देवर लगने वाला युवक सुजीत कुमार घर आया था। वह महिला के मायके में ही रुका था।
पहले बदनामी के डर से नहीं की शिकायत
आरोप है कि उसने महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद देवर फरार हो गया। पहले तो महिला ने बदनामी के डर से इसकी शिकायत नहीं की। लेकिन, इस बीच वो प्रेग्नेंट हो गई। तब जाकर उसने पुलिस से इसकी शिकायत की। महिला की शिकायत पर 7 अप्रैल, 2023 को पुलिस ने आरोपी देवर सुजीत कुमार के खिलाफ IPC की धारा 376, 323, 506, 328, 384 के तहत केस दर्ज किया।
आरोपी अरेस्ट
पुलिस केस दर्ज कर आरोपी देवर की तलाश कर रही थी। इस बीच रविवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर चौरीचौरा सुधीर कुमार सिंह ने बताया, आरोपी युवक को अरेस्ट कर लिया गया है। उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।















