संतकबीरनगर। सावन कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद सीमा में नेशनल हाईवे पर होने वाले रूट डायवर्जन को लेकर पुलिस ड्यूटियां लग गई हैं। सोमवार से दो अगस्त तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस फोर्स सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है।
मगहर दुर्गा मंदिर के पास से ही डायवर्जन किया गया है। सावन माह में कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए चार दिन तक हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। 30 जुलाई से लेकर दो अगस्त तक बदले हुए मार्ग से वाहन जाएंगें। गोरखपुर से लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहनों को मगहर दुर्गा मंदिर से घघसरा, बखिरा, बांसी सिद्धार्थनगर एवं मेंहदावल बाईपास से धनघटा अंबेडकरनगर होकर लखनऊ भेजा जाएगा। इसी तरह खलीलाबाद से बखिरा, नंदौर, बांसी, इटवा व अन्य मार्ग से लखनऊ जाना पड़ेगा। वहीं धनघटा से पौली होकर कलवारी जाने वाले वाहनों को बस्ती बार्डर से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। महुली मेन चौराहे से जाने वाले वाहन भी जनपद बार्डर तक ही जा पाएंगे और बस्ती बार्डर से आगे नही जा पाएंगें।
धनघटा मार्ग पर आधी रात के बाद से ही ठप हो जाएगा बड़े वाहनों का आवागमन
संतकबीरनगर। तामेश्वरनाथ शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए जुटने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए धनघटा खलीलाबाद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए रूट डायवर्ट रहेगा। धनघटा के बिड़हरघाट पुलिस चौकी पर पहले से ही बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा धनघटा कस्बा से खलीलाबाद की तरफ भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन का प्रबंध है। साथ ही नाथनगर और मैनसिर में भी बैरिकेडिंग हुई है। खलीलाबाद शहर के विधियानी मोड़ से तामेश्वरनाथ शिव मंदिर पर जाने वाले श्रद्धालुओं को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। मंदिर गेट से पैदल की श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा।
सावन माह कांवड़ यात्रा को देखते हुए नेशनल हाईवे पर पुलिस ड्यूटी लगाई गई है। तामेश्वरनाथ शिव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का प्रर्याप्त पुलिस प्रबंध किया गया है। जिससे मंदिर पर जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शशि शेखर सिंह, एएसपी















