बिल जमा करने पर ही मिलेगी मुफ्त बिजली।
किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली मिलने में नियम व शर्तें बनीं बाधा
मुफ्त बिजली के लिए अब तक करीब 800 किसानों ने कराया पंजीकरण
बस्ती। निजी नलकूपों के किसानों को मुफ्त बिजली मिलने की योजना में बाधाएं कम नहीं हैं। तमाम किसान बिजली निगम के बड़े बकाएदार हैं। बिना बकाया भुगतान के वह योजना में लाभ नहीं ले पाएंगे। जिले में निजी नलकूप पर निगम का करीब 15 करोड़ से अधिक का बकाया चल रहा है।
निगम के अनुसार, जिले में 10 हजार से अधिक निजी नलकूप हैं। इनका उपयोग किसान करते हैं। इसमें महज 800 किसानों ने ही फ्री बिजली के लिए पंजीकरण कराया है। प्रदेश सरकार ने करीब सालभर पहले निजी नलकूपों के किसानों को निशुल्क बिजली देने को मंजूरी दी थी। योजना के तहत 10 हॉर्स पावर तक की क्षमता वाले निजी नलकूप उपभोक्ताओं को एक अप्रैल 2023 से मुफ्त बिजली देने की घोषणा शासन ने की है।
इस योजना का लाभ जिले के करीब 10 हजार नलकूप उपभोक्ताओं को मिलता है। इसका लाभ लेने के लिए पिछला बकाया पूरा जमा करना होगा। इस पर भी संपूर्ण ब्याज माफ किया जा रहा है। 15 जुलाई तक जो किसान योजना के तहत पंजीकरण कराकर बकाया भुगतान कर देंगे, आगे से उन्हें योजना में लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
किसान उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए महत्वपूर्ण बिंदु
…
हर माह 1300 यूनिट मुफ्त मिलेगी बिजली
फ्री बिजली योजना का लाभ नियम व शर्तों को पूरा करने पर ही मिलेगा। किसान ट्यूबवेल चलाते समय यह ध्यान रखें की बिजली का मासिक बिल 1300 यूनिट से अधिक न हो। इससे अधिक यूनिट की खपत करने पर उन्हें पूरा बिल का भुगतान दो रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से करना पड़ेगा।
क्या कहते हैं अधिकारी उनकी सुने
किसानों को योजना से लाभान्वित करने के लिए 15 जुलाई तक एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को बढ़ा दिया गया है। किसान निशुल्क बिजली का लाभ पाने के लिए पुराना बकाया जमा कर पंजीकरण करा लें।
-एसके सरोज, मुख्य अभियंता, बस्ती















