रथयात्रा में युवक की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा, तीन और आरोपी गिरफ्तार
पहले पांच आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी, अब तक आठ पकड़े गए; जांच के बाद हत्या और आपराधिक साजिश की धाराएं बढ़ाईं
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र में रथयात्रा के दौरान जेसीबी की टक्कर से युवक की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। इस तरह अब तक कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और वादी के दोबारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं के स्थान पर हत्या और आपराधिक साजिश की धाराएं बढ़ाई हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 18 नवंबर 2026 की है। रथयात्रा में शामिल जेसीबी चालक पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए वादी के पुत्र को टक्कर मारने का आरोप है। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर एम्स थाने में मुकदमा संख्या 349/2026 धारा 281 और 106(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान वादी की ओर से दोबारा प्रार्थना पत्र दिया गया। पुलिस ने अन्य साक्ष्यों का संकलन और जांच करने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा 103(1) और आपराधिक साजिश की धारा 61(2) भारतीय न्याय संहिता बढ़ाई। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई।
शनिवार को पुलिस ने मामले में वांछित तीन आरोपियों योगेश यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू और मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया। योगेश यादव पुत्र राम जियावन यादव कोड़ईया, पोस्ट कूड़ाघाट, थाना एम्स का निवासी है। मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू पुत्र मेजर हीरालाल यादव मूल रूप से बरहुआ, थाना सहजनवां का निवासी है और वर्तमान में तारामंडल क्षेत्र में रहता है। तीसरा आरोपी मनोज यादव पुत्र सुभाष यादव नंदानगर दरगहिया, थाना एम्स का निवासी है।
पुलिस पहले ही इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। शनिवार को तीन और गिरफ्तारियों के बाद अब तक कुल आठ आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















