हनुमान ने जलाई सोने की लंका, रामलीला मंचन देख भावविभोर हुए दर्शक
चौखड़ा की ऐतिहासिक रामलीला में राम-सुग्रीव मित्रता से लंका दहन तक की लीला का हुआ सजीव मंचन, लगे जय श्रीराम के जयकारे
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चौखड़ा में चल रही ऐतिहासिक रामलीला में गत रात्रि राम-सुग्रीव मित्रता से लेकर लंका दहन तक की लीला का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय और शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मंचन में दिखाया गया कि माता सीता की खोज में निकले भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की ऋष्यमूक पर्वत पर हनुमान जी के माध्यम से सुग्रीव से मुलाकात होती है। दोनों के बीच मित्रता होने के बाद श्रीराम बालि का वध कर सुग्रीव को किष्किंधा का राजा और अंगद को युवराज बनाते हैं। इसके बाद सुग्रीव वानर सेना को माता सीता की खोज में अलग-अलग दिशाओं में भेजते हैं।
दक्षिण दिशा में निकले हनुमान, अंगद और जामवंत समुद्र तट पर पहुंचते हैं। जामवंत द्वारा शक्ति का स्मरण कराने पर हनुमान जी समुद्र लांघकर लंका पहुंचते हैं। वहां विभीषण से मुलाकात के बाद अशोक वाटिका में माता सीता को भगवान श्रीराम की मुद्रिका देकर उनका संदेश सुनाते हैं। इसके बाद अशोक वाटिका में उत्पात मचाने पर अक्षय कुमार का वध करते हैं। मेघनाथ उन्हें बंदी बनाकर रावण के दरबार में ले जाता है। रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई जाती है, जिसके बाद वे पूरी सोने की लंका को जला देते हैं। लंका दहन का दृश्य देखकर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
इस अवसर पर पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। उनके आदर्शों और मर्यादाओं को जीवन में अपनाकर ही समाज में प्रेम, सद्भाव और न्याय की स्थापना की जा सकती है। प्रत्येक व्यक्ति उनके आदर्शों का पालन करे तो रामराज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।
कार्यक्रम में सच्चिदानंद पांडेय, छोटे सिंह, दिनेश सिंह, अरुण कुमार सिंह, बब्बू सिंह, मंगल, धर्मराज, जिगर, रवि मोदनवाल, पप्पू मोदनवाल, जयशंकर मिश्रा, भारत यादव, बजरंग मिश्रा, विनोद, धीरू, अर्जुन अर्कवंशी, राजू गुप्ता, मुन्ना गुप्ता और प्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ठाकुर प्रसाद मिश्र ने किया।















