12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
जनपद न्यायाधीश सैयद माऊज बिन आसिम ने न्यायिक अधिकारियों को दिए निर्देश, आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाने का लक्ष्य
रायबरेली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों और न्यायालयों में लंबित मामलों के अधिक से अधिक निस्तारण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बैठक हुई।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सैयद माऊज बिन आसिम की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज (वरिष्ठ श्रेणी), अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायिक मजिस्ट्रेट और सिविल जज (कनिष्ठ श्रेणी) के न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
जनपद न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सके। उन्होंने पिछली लोक अदालत की सफलता को दोहराने और आगामी आयोजन को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। बैठक में अधिकारियों ने अपने सुझाव भी साझा किए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिशा ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए न्यायालयों में लंबित मामलों के अधिकाधिक निस्तारण का अनुरोध किया। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत और विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी करने पर जोर दिया।
बैठक में नोडल अधिकारी लोक अदालत प्रतिमा सहित न्यायिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।















