ऑपरेशन दहन में 76.460 किलो गांजा नष्ट, कीमत 38.23 लाख रुपये
सात थानों के 11 मुकदमों में जब्त मादक पदार्थों का कराया गया विनष्टीकरण, न्यायालय के आदेश पर गीडा में हुई कार्रवाई
गोरखपुर। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस ने मंगलवार को ऑपरेशन दहन के अंतर्गत 76 किलो 460 ग्राम गांजे का विनष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 38 लाख 23 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर सात थानों से संबंधित 11 मुकदमों में जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण के लिए की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित अभियान के तहत न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद जब्त गांजे को नष्ट कराया गया। इसमें खजनी, एम्स, बेलीपार, सहजनवां, खोराबार, गोला और गोरखनाथ थानों से संबंधित मामलों में बरामद मादक पदार्थ शामिल थे।
गांजे का विनष्टीकरण गीडा स्थित एवी बायो मेडिकल वेस्ट सर्विसेज के सेक्टर 15ए/2/36 परिसर में लगे उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया गया। पुलिस के मुताबिक, निस्तारण के दौरान पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया, ताकि जब्त मादक पदार्थ का दोबारा इस्तेमाल या अवैध कारोबार में पहुंचने की आशंका न रहे।
पूरी कार्रवाई ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी और निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी नारकोटिक्स सेल और संबंधित थानों के विशेष वाहक मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया।















