धान क्रय केंद्रों पर खरीद सुचारु कराएं, खाद की उपलब्धता भी रखें सुनिश्चित : डीएम
कलेक्ट्रेट में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक, केंद्रों और सहकारी समितियों का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक हुई। इसमें धान खरीद की प्रगति, क्रय केंद्रों के संचालन, सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता, निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार पर अनुदान योजना और मत्स्य पालन सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी धान क्रय केंद्रों पर खरीद सुचारु रूप से संचालित कराई जाए। प्रत्येक केंद्र पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों, जिससे किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने धान क्रय केंद्रों पर खरीद की स्थिति और सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता का जनपद स्तरीय अधिकारियों से स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराने और धान खरीद व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी करें।
बैठक में एडीएम प्रशासन अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उप निदेशक कृषि हिमांशु पांडेय, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















