जनगणना-2027 की तैयारी तेज, गोरखपुर में 10,512 प्रगणक और सुपरवाइजर होंगे तैनात
16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; जिले में बनाए गए 9,322 गणना ब्लॉक
गोरखपुर। जनगणना-2027 को व्यवस्थित, त्रुटिरहित और निर्धारित समयसीमा में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में जनगणना कार्य के लिए 10,512 प्रगणकों और सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। रिजर्व स्टाफ, मास्टर ट्रेनर्स और अन्य सहायक कर्मचारियों को मिलाकर करीब 12 हजार कर्मचारी इस कार्य में लगाए जाएंगे। जिले में कुल 9,322 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें नगर निगम क्षेत्र के 2,043 ब्लॉक शामिल हैं।
जनगणना की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में सर्किट हाउस परिसर स्थित एनेक्सी सभागार में प्रशिक्षण एवं समीक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय से आए विशेषज्ञ वैशाली शुक्ला और शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया, समय-सारिणी, परिवार अनुसूची भरने और डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने की जानकारी दी। बैठक में सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना का चरण चलेगा। इस दौरान नागरिक आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। चार जनवरी की शाम बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी। पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य होगा। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को पोर्टल पर राज्य और भाषा का चयन कर मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से लॉगिन करना होगा। परिवार और आवास से संबंधित विवरण भरकर फॉर्म जमा करने पर विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) मिलेगी। घर-घर गणना के दौरान प्रगणक इस आईडी के जरिए दर्ज विवरण का सत्यापन करेंगे। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर सकेंगे, उनके घर पहुंचकर प्रगणक मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से विवरण जुटाएंगे।
जनगणना के दौरान परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या, आपसी संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु और वैवाहिक स्थिति सहित निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार विभिन्न जानकारियां दर्ज की जाएंगी। इसमें धर्म, राष्ट्रीयता, अनुसूचित जाति-जनजाति, जाति, दिव्यांगता, मातृभाषा, साक्षरता, शैक्षिक योग्यता, रोजगार, व्यवसाय और प्रवासन से जुड़े विवरण भी शामिल होंगे। महिलाओं से प्रजनन संबंधी निर्धारित जानकारियां भी प्राप्त की जाएंगी।
प्रत्येक प्रगणक को औसतन 850 की आबादी अथवा करीब 180 से 200 घरों की गणना की जिम्मेदारी दी जाएगी। रिजर्व स्टाफ की व्यवस्था भी रखी गई है, ताकि किसी कर्मचारी की अनुपस्थिति में कार्य प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से संपन्न कराया जाए। प्रत्येक प्रगणक को अपने गणना ब्लॉक और जिम्मेदारी की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी परिवार गणना से छूटने न पाए और सभी सूचनाएं सावधानीपूर्वक दर्ज की जाएं। जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक चरण को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराएं।















