एसपी ने खुद संभाली परेड की कमान, पुलिस लाइन में अनुशासन और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
क्वार्टर गार्ड से शस्त्रागार तक किया निरीक्षण, जवानों को बेहतर टर्नआउट और जनता से मधुर व्यवहार की दी सीख
बस्ती। पुलिस लाइन में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने स्वयं परेड की अगुवाई की। उनके साथ सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया सहित अधिकारी और पुलिसकर्मी कदम से कदम मिलाकर चले। परेड के बाद एसपी ने सलामी ली और पुलिसकर्मियों के टर्नआउट का निरीक्षण किया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान उच्च कोटि की वर्दी धारण करने और आमजन के साथ मधुर एवं शालीन व्यवहार रखने के निर्देश दिए। इसके बाद शस्त्रों की हैंडलिंग और संचालन का प्रशिक्षण कराया गया। उन्होंने शस्त्रों की स्थिति और रखरखाव का भी जायजा लिया। क्वार्टर गार्ड का निरीक्षण कर जवानों की तत्परता और व्यवस्थाएं परखीं।
इसके बाद एसपी ने शस्त्रागार, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, पुलिस अस्पताल, परिवहन शाखा, कैंटीन, भोजनालय, बैरकों, यातायात कार्यालय और डायल-112 कार्यालय का भ्रमण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं और अभिलेखों के रखरखाव को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में अर्दली रूम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक बस्ती, पुलिस अधीक्षक के पीआरओ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















