कानून की जानकारी से ही कर सकते हैं अपने अधिकारों की रक्षा
पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर, छात्राओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और पॉक्सो एक्ट की दी जानकारी
संतकबीरनगर। कानून की जानकारी होने पर ही व्यक्ति अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है। छात्राओं को भी अपने अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। यह बातें विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज खलीलाबाद में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अंजय कुमार श्रीवास्तव ने कहीं।
उन्होंने छात्राओं से देश-दुनिया की खबरों से अपडेट रहने और शिक्षा के साथ जागरूक बनने की अपील की। उन्होंने पुलिस सहायता नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी। साथ ही गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट और किसी भी तरह का असहज व्यवहार होने पर कानूनी सहायता लेने के बारे में बताया।
डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल संजीव कुमार पांडेय ने संविधान में दिए गए प्रावधानों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी।
इस दौरान विद्यालय की नोडल शिक्षक ऋचा श्रीवास्तव, शाहनवाज, मुलायम यादव सहित महिला शिक्षक और छात्राएं मौजूद रहीं।















