विकास भवन के निरीक्षण में दूसरी बार नदारद मिले अधिशासी अभियंता, शासन स्तर से होगी कार्रवाई छात्रवृत्ति के लिए 50 से अधिक विद्यार्थियों के पहुंचने पर समाज कल्याण अधिकारी को नोटिस, बुजुर्ग साध्वी का राशन कार्ड भी कराया अपडेट

विकास भवन के निरीक्षण में दूसरी बार नदारद मिले अधिशासी अभियंता, शासन स्तर से होगी कार्रवाई

छात्रवृत्ति के लिए 50 से अधिक विद्यार्थियों के पहुंचने पर समाज कल्याण अधिकारी को नोटिस, बुजुर्ग साध्वी का राशन कार्ड भी कराया अपडेट

गोरखपुर। मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी। 16 अक्टूबर के निरीक्षण की तुलना में अधिकांश कार्यालयों में सुधार मिला, लेकिन ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक प्रिय लगातार दूसरी बार अनुपस्थित मिले। कार्यालय में भ्रमण पंजिका भी नहीं मिली। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और शासन स्तर से कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण कार्यालय में छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं के लिए 50 से अधिक छात्र-छात्राओं को मौजूद देखकर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति का कार्य देख रहीं प्रज्ञा चतुर्वेदी से भी वार्ता कर विश्वविद्यालय और विभाग के बीच समन्वय बनाने को कहा। समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में 16 अक्टूबर के निरीक्षण के दौरान भी अधिशासी अभियंता अनुपस्थित मिले थे और भ्रमण पंजिका उपलब्ध नहीं कराई गई थी। उस समय सहायक अभियंता के हस्ताक्षर से संबंधित अभिलेखों में भी गड़बड़ी सामने आई थी। दोबारा निरीक्षण में भी स्थिति में सुधार नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।

जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में इस बार साफ-सफाई बेहतर मिली। इसी दौरान भलुवान स्थित विष्णु मंदिर से आईं बुजुर्ग लीलावती साध्वी ने राशन कार्ड की समस्या बताई। महंत गणेश दास के निधन के बाद राशन कार्ड में नाम दर्ज कराने में उन्हें परेशानी हो रही थी। मंडलायुक्त ने अपने सामने ही संबंधित अधिकारियों से नाम अपडेट कराया और कहा, “माता जी, 24 घंटे बाद अपना राशन कार्ड ले लीजिएगा।”

जिला विकास अधिकारी कार्यालय में एल्यूमिनियम पार्टिशन पर निजी कंपनी का नाम लिखा मिलने पर मंडलायुक्त ने उसे साफ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में निजी कंपनियों का प्रचार नहीं होना चाहिए। निपुण भारत कक्ष का निरीक्षण कर वहां कार्यरत कर्मियों से गतिविधियों की जानकारी ली।

मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार और परियोजना निदेशक कार्यालय की व्यवस्था बेहतर मिलने पर उन्होंने संतोष जताया। मंडलायुक्त ने मंडल स्तर की अगली बैठक सीडीओ कार्यालय के सभागार में आयोजित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक दीपक सिंह और डीसी मनरेगा रघुनाथ सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleआस्था के सैलाब के बीच सुरक्षा का मजबूत पहरा, मुस्तैद रही राजघाट पुलिस घंटाघर से पांडेयहाता तक थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा ने संभाली कमान, पुलिस निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन
Next articleछठ घाटों का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश पक्का पोखरा, मोतीनगर चीनी मिल तिराहा, मगहर और बालूशासन घाटों का लिया जायजा, सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here