19 वर्षीय अश्व ‘योद्धा’ का निधन, एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
13 वर्षों तक गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में निभाई जिम्मेदारी, कुंभ मेले से लेकर गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में रहा तैनात
गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में शामिल रहे 19 वर्षीय अश्व ‘योद्धा’ का सोमवार को निधन हो गया। उसके निधन से पुलिस लाइन में शोक का माहौल रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस लाइन पहुंचकर अश्व योद्धा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और घुड़सवार पुलिस दल के सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर उसे भावभीनी विदाई दी।
पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लाइन अरुण कुमार एस., प्रतिसार निरीक्षक, घुड़सवार पुलिस दल के सदस्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अश्व योद्धा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उसकी सेवाओं को याद किया।
अश्व योद्धा वर्ष 2013 में गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में शामिल हुआ था। करीब 13 वर्षों तक उसने पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उसने कई महत्वपूर्ण आयोजनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं में जिम्मेदारी निभाई। प्रयागराज कुंभ मेले में ड्यूटी के साथ ही श्री गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा तथा वीआईपी और वीवीआईपी ड्यूटी में भी उसकी तैनाती रही।
अपने सेवाकाल में अश्व योद्धा पुलिस के कई महत्वपूर्ण आयोजनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का हिस्सा रहा। उसकी सेवाओं को याद करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। 19 वर्ष की आयु में उसके निधन पर घुड़सवार पुलिस दल के सदस्यों ने भी दुख जताया।
गोरखपुर पुलिस के अश्व दल में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले योद्धा का निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।















