जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं करीब 150 लोगों की फरियाद
गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर पहुंचे लोगों के बीच जाकर मुख्यमंत्री ने एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में मस्तिष्क आघात से पीड़ित पति के ऑपरेशन के लिए मदद मांगने पहुंची महिला को मुख्यमंत्री ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। पति के इलाज में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा एक बीमार महिला को समुचित उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए। शिकायतों पर संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। धोखे से लिए गए रुपये वापस दिलाने और पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए भी लोगों को भरोसा दिया गया।
अपराधियों और भू-माफिया पर कार्रवाई के निर्देश
अपराध और जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जनता दर्शन में अपने बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं के बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलार किया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।
https://youtu.be/EVxU5qCqHTo?si=7MqJWvzGAQx62eOh















