डीआईजी और एसपी ने किया यातायात माह का शुभारंभ
शास्त्री चौक से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अपील
बस्ती। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के साथ शास्त्री चौक (झंडा चौराहा) से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चिह्नित हॉटस्पॉट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों का विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नवंबर माह में यातायात पुलिस और जनपद के सभी थानों की पुलिस आम नागरिकों तथा छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगी।
इसके लिए नुक्कड़ नाटकों सहित विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ उनका पालन करने की अपील की जाएगी।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारीगण, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।















