चार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त, समारोह में सम्मान के साथ दी गई विदाई
सीओ खलीलाबाद ने माला पहनाकर ओढ़ाया शॉल, धर्मग्रंथ भेंटकर सुखद भविष्य की कामना की
संतकबीरनगर। पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन से देने वाले चार पुलिसकर्मी अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक अवधेश सिंह, छांगुर प्रसाद, रामअवध यादव और फायर सर्विस चालक रामनेवास यादव को माला पहनाकर तथा शॉल और धर्मग्रंथ भेंटकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान सीओ ने सभी से उनके सेवाकाल के अनुभवों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी किसी प्रकार की समस्या होने पर वे बेझिझक संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी के सुखद, आनंदपूर्ण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।















