पीईटी के पहले दिन 11,900 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
गोरखपुर के 52 केंद्रों पर दोनों पालियों में 34,516 ने दी परीक्षा, कुल उपस्थिति 74.36 प्रतिशत रही
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के पहले दिन रविवार को गोरखपुर के 52 केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 46,416 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 34,516 ही शामिल हुए। इस तरह 11,900 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल उपस्थिति 74.36 प्रतिशत दर्ज की गई।
पहली पाली में 23,208 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 17,203 उपस्थित रहे, जबकि 6,005 ने परीक्षा छोड़ दी। इस पाली में उपस्थिति 74.12 प्रतिशत रही। दूसरी पाली में भी 23,208 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी। इनमें से 17,313 ने परीक्षा दी और 5,895 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति 74.60 प्रतिशत दर्ज की गई।
डीएम के निर्देशन में हुई परीक्षा
जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में परीक्षा को व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। सभी 52 केंद्रों पर परीक्षा संचालन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर पुलिस केंद्रों के आसपास सतर्क रही। अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और परीक्षा समाप्त होने के बाद उनके सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान दिया गया। बस स्टैंड और प्रमुख आवागमन स्थलों पर भी व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए गए, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी न हो।
तीन दिन में छह पालियों में होनी है परीक्षा
गोरखपुर में पीईटी-2026 की परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आयोजित होनी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तीन दिनों में छह पालियों में कुल 1,39,248 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना है। पहले दिन की परीक्षा सकुशल संपन्न होने के बाद आगामी पालियों के लिए भी सुरक्षा, यातायात और अभ्यर्थियों के आवागमन की व्यवस्थाओं पर प्रशासन का ध्यान रहेगा।















