डीएम ने कंपनी बाग से गांधी नगर तक पैदल भ्रमण कर परखी मेला व्यवस्था
मूर्ति विसर्जन के मद्देनजर अमहट घाट का भी किया निरीक्षण, गोताखोरों, नाव, लाइट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था के निर्देश
बस्ती। दुर्गा पूजा मेला और मूर्ति विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शनिवार को कंपनी बाग से गांधी नगर तक पैदल भ्रमण कर मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मेला क्षेत्र में सुरक्षा और साफ-सफाई सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मूर्ति विसर्जन के मद्देनजर अमहट घाट पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर सुरक्षा प्रबंधों, श्रद्धालुओं की सुविधा और आपात स्थिति से निपटने के इंतजामों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों का पालन कराया जाए और घाट पर लगातार निगरानी रखी जाए।
घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने बताया कि दुर्गा पूजा का पर्व श्रद्धा और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। घाट पर गोताखोर, नाव, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की जा रही है, ताकि मूर्ति विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















