एसआईआर में छूटे नाम जुड़वाने का मौका, डीएम ने आठ बूथों का किया निरीक्षण एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी करा सकेंगे पंजीकरण फार्म-6, 7 और 8 से नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन की प्रक्रिया समझाई

एसआईआर में छूटे नाम जुड़वाने का मौका, डीएम ने आठ बूथों का किया निरीक्षण

एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी करा सकेंगे पंजीकरण

फार्म-6, 7 और 8 से नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन की प्रक्रिया समझाई

गोरखपुर। मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने शहर विधानसभा क्षेत्र के आठ बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ संख्या 31, 32, 34, 35, 36, 37, 41 और 42 पर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति देखी। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से जानकारी लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या विवरण में संशोधन कराने आने वाले लोगों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की सही जानकारी दी जाए। पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पुनरीक्षण कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए।

फार्म-6, 7 और 8 का बताया महत्व

निरीक्षण के दौरान डीएम ने फार्म-6, 7 और 8 के उपयोग की जानकारी दी। फार्म-6 के माध्यम से पात्र नए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। फार्म-7 का इस्तेमाल नियमानुसार नाम हटाने के लिए किया जाता है, जबकि फार्म-8 के जरिए मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार, निवास परिवर्तन सहित निर्धारित संशोधनों के लिए आवेदन किया जा सकता है।

युवाओं को भी मिलेगा पंजीकरण का अवसर

एसआईआर के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने से छूट गए हैं या किसी कारणवश हट गए हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

डीएम ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जाए। नाम, पता और अन्य विवरणों की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Previous articleस्ट्रांग रूम की सुरक्षा में मुस्तैद जवान, 27 को खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा डीडीयू विश्वविद्यालय में सीलबंद हैं 17 जिलों की मतपेटियां, 79.1 प्रतिशत हुआ मतदान
Next articleमहिलाओं के हुनर और स्वावलंबन को मंच देगा ‘मधुरम्’ दीपावली मेला 27 अक्टूबर को लाज निपाल लॉन में होगा आयोजन, प्रवेश निःशुल्क; मेले की आय से किए जाएंगे सामाजिक कार्य

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here