पीईटी-2026: परीक्षा केंद्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
सीसीटीवी, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
संतकबीरनगर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।
डीएम ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहें और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था सक्रिय रखी जाए। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य आईटी गैजेट्स ले जाने पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाए। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और अनुचित साधनों के प्रयोग पर प्रभावी रोक लगाने के भी निर्देश दिए।
अधिकारियों ने केंद्रों पर बिजली, पेयजल, जनरेटर सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।















