दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर खलीलाबाद में एसपी ने किया पैदल गश्त
मेंहदावल बाईपास से मधुकुंज तिराहे तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
संतकबीरनगर। दशहरा पर्व और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। रविवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस बल के साथ खलीलाबाद शहर में मेंहदावल बाईपास से मधुकुंज तिराहे तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पैदल गश्त के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय रहे और किसी भी सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करे।
अफवाहों से बचें, आपसी सौहार्द बनाए रखें
एसपी ने आमजन से दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान अव्यवस्था फैलाने वाले तत्वों पर नजर रखी जा रही है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल लगातार सक्रिय है।
पैदल गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, तहसीलदार खलीलाबाद, कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे, प्रभारी यातायात परमहंस और एसपी के पीआरओ पीके गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
















