दुर्गा पूजा से पहले गोलघर से जटाशंकर तक घुड़सवार पुलिस की गश्त
नगर आयुक्त अजय जैन और एसपी सिटी निमिष पाटील ने संभाली सुरक्षा की कमान
प्रमुख बाजारों और चौराहों का लिया जायजा, अतिक्रमण मुक्त शहर बनाने पर जोर
गोरखपुर। दुर्गा पूजा के मद्देनजर शनिवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नगर आयुक्त अजय जैन और एसपी सिटी निमिष पाटील के नेतृत्व में घुड़सवार पुलिस बल ने गोलघर, काली मंदिर, धर्मशाला और जटाशंकर चौक सहित प्रमुख स्थानों पर निगरानी की।
त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। घुड़सवार पुलिस की गश्त के जरिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने और आम लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
इस दौरान प्रमुख बाजारों और चौराहों को अतिक्रमण मुक्त रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों का उद्देश्य आवागमन को सुगम बनाना और त्योहार के समय जाम की समस्या से बचाव करना रहा।
संयुक्त गश्त में पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार एस, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















