गोवध के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दो गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में लगी गोली, दूसरा बाइक गिरने के बाद पकड़ा गया; दो आरोपी अंधेरे में फरार
गोरखपुर। गोवध के मामले में वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान शनिवार को गोला पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम दक्षिणी गोरखपुर की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार चीनी मिल-मालहनपार रोड पर चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों से आए चार संदिग्धों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया और रोकने पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिरने के बाद पकड़ लिया गया। दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक थाना गोला में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 345/26, धारा 3/5 गोवध निवारण अधिनियम में अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से चार आरोपियों के दो मोटरसाइकिलों से गुजरने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने चीनी मिल-मालहनपार रोड पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
पुलिस का कहना है कि संदिग्धों ने टीम को देखकर भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अब्दुल रहमान उर्फ राजू के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं नूरूल हसन पुत्र शान मोहम्मद निवासी इमलीडीहखूर्द, थाना सिकरीगंज, बाइक से गिर गया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। घायल अब्दुल रहमान को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चंद्र प्रकाश पांडेय, उपनिरीक्षक राणा प्रताप सिंह, सर्वेश कुमार सिंह, दीपक कुमार, इंद्रजीत कुशवाहा, अजीत कुमार, अर्पित मिश्रा समेत पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।















