पीड़ितों की शिकायत पर तत्काल करें कार्रवाई : एएसपी
कोतवाली के औचक निरीक्षण में साइबर व मिशन शक्ति केंद्र की परखी व्यवस्था, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए निर्देश
बस्ती। सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया ने शनिवार को कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय, साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कोतवाली पहुंचे पीड़ितों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एएसपी ने थाना कार्यालय, मेस, मालखाना, सीसीटीएनएस कार्यालय, बैरक, महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। अभिलेखों के रखरखाव के साथ परिसर की साफ-सफाई भी देखी और जहां आवश्यक था, वहां व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
महिला और साइबर अपराध की शिकायतों को गंभीरता से लें
अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा करते हुए एएसपी ने कहा कि महिला संबंधी अपराध और साइबर शिकायतों पर नियमानुसार तत्काल प्रभावी विधिक कार्रवाई की जाए। पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जरूरत के अनुसार पीड़ितों को उचित विधिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजनंद सिंह समेत थाने के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















