ईवीएम वेयरहाउस की सीसीटीवी से निगरानी, अंदर मोबाइल ले जाने पर रोक
डीएम दीपक मीणा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, हर बृहस्पतिवार होगी समीक्षा
गोरखपुर। विधानसभा निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस के अंदर और बाहर सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जा रही है और मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
डबल लॉक में सुरक्षित हैं 22,079 मशीनें
प्रशासन के अनुसार वेयरहाउस में एम-3 मॉडल की 10,125 बैलेट यूनिट, 6,082 कंट्रोल यूनिट और 5,872 वीवीपैट, कुल 22,079 मशीनें निर्धारित निर्वाचन प्रोटोकॉल के तहत डबल लॉक व्यवस्था में सुरक्षित रखी गई हैं।
मोबाइल बाहर रखकर ही मिलेगा प्रवेश
डीएम ने कहा कि वेयरहाउस में प्रवेश करने वाला अधिकृत अधिकारी या कर्मचारी अपना मोबाइल निर्धारित स्थान पर जमा करने के बाद ही अंदर जाएगा। परिसर की गतिविधियों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी।
हर बृहस्पतिवार होगी बैठक
निर्वाचन संबंधी तैयारियों की नियमित समीक्षा के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक बृहस्पतिवार बैठक होगी। इसमें संबंधित दल के जिलाध्यक्ष द्वारा नामित प्रतिनिधि ही शामिल हो सकेंगे।
एसएलटी की प्रक्रिया की भी दी जानकारी
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आगामी एसएलटी की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। डीएम ने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों और प्रोटोकॉल के अनुसार समय से पूरी की जाएंगी।
सुरक्षा प्रबंधों की नियमित समीक्षा के निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को सीसीटीवी की कार्यशीलता, डबल लॉक व्यवस्था तथा प्रवेश-निकास प्रबंधों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम वित्त एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्र सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।















