डलमऊ तहसील में 63 शिकायतें, सात का मौके पर निस्तारण
डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
रायबरेली। डलमऊ तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। डीएम और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुल 63 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें सात का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।
डीएम ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान शासन की प्राथमिकता है। समाधान दिवस के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। जिन मामलों में किसी कारण से समाधान में कठिनाई हो, उसका स्पष्ट कारण बताते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित 36, पुलिस के सात, विकास के 10, समाज कल्याण के दो, शिक्षा का एक और अन्य विभागों से संबंधित सात प्रकरण प्राप्त हुए। सात मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शुक्ला, एसडीएम डलमऊ प्रीती सिंह, सीओ डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















