गोरखपुर, वाराणसी और मेरठ मंडल की टीमों का रहा दबदबा
प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, चयनकर्ताओं ने परखी खिलाड़ियों की प्रतिभा
गोरखपुर। 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम और महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले हुए। गोरखपुर, वाराणसी और मेरठ मंडल की टीमों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबलों में जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के तेज आक्रमण, बेहतर पासिंग और मजबूत डिफेंस ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में गोरखपुर ने आगरा को कड़े मुकाबले में 24-21 से हराया। वाराणसी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की टीम को 14-10 से शिकस्त दी, जबकि प्रयागराज ने अलीगढ़ को 10-0 से हराया। अंडर-14 बालक वर्ग में गोरखपुर ने आगरा को 27-11 और वाराणसी ने मिर्जापुर को 29-10 से पराजित किया। प्रयागराज ने कानपुर को 36-0 से हराया।
अंडर-17 बालक वर्ग में गोरखपुर ने अलीगढ़ को 31-8, लखनऊ ने आगरा को 20-4 और मेरठ ने बरेली को 34-5 से हराया। अंडर-19 में गोरखपुर ने मिर्जापुर को 46-2 और आजमगढ़ ने बरेली को 27-0 से शिकस्त दी। अलीगढ़ ने मिर्जापुर को 26-15 से हराया।
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने खिलाड़ियों से किया परिचय
पूर्व भारतीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं पूर्वोत्तर रेलवे के खिलाड़ी अनंत सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल का शुभारंभ कराया। संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह ने दोनों आयोजन स्थलों और खिलाड़ियों की आवासीय व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने आवास, भोजन और अन्य सुविधाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने चयनकर्ताओं के साथ बैठक कर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने पर जोर दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह ने भी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान मैच ऑब्जर्वर विभोर रघुवंशी, मिथिलेश शर्मा, डॉ. अरुणेंद्र राय, संतोष सिंह, अवनीश राय, अभय प्रताप सिंह समेत निर्णायक और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।















