मतदाता सूची से नाम काटने की शिकायत लेकर डीएम से मिले सपा नेता SIR सत्यापन के नाम पर पीडीए मतदाताओं के नाम हटाने का लगाया आरोप, डीएम बोले- आदेश नहीं दिया गया

मतदाता सूची से नाम काटने की शिकायत लेकर डीएम से मिले सपा नेता

SIR सत्यापन के नाम पर पीडीए मतदाताओं के नाम हटाने का लगाया आरोप, डीएम बोले- आदेश नहीं दिया गया

गोरखपुर। महानगर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा से मुलाकात कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद सत्यापन के नाम पर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की शिकायत की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि महानगर समेत जिले में समाजवादी विचारधारा से जुड़े, विशेषकर पीडीए वर्ग के मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रक्रिया पर रोक लगाकर निष्पक्ष सत्यापन कराने की मांग की।

ज्ञापन में सपा नेताओं ने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटना उसके लोकतांत्रिक अधिकार को प्रभावित करता है। उन्होंने मांग की कि विलोपन के लिए प्रस्तावित सूची को प्रकाशन से पहले सभी विधानसभा क्षेत्रों में एआरओ के माध्यम से संबंधित तहसीलों में चस्पा कराया जाए, ताकि मतदाता अपने नाम की स्थिति देख सकें और आपत्ति होने पर समय रहते दावा प्रस्तुत कर सकें।

प्रतिनिधिमंडल ने विलोपन सूची की बूथवार प्रति सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराने की भी मांग की। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी पात्र मतदाता का नाम निर्धारित प्रक्रिया और उचित जांच के बिना न हटे।

इस पर डीएम दीपक मीणा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से किसी भी लेखपाल या बीएलओ को मतदाता सूची से नाम काटने का कोई आदेश नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में महानगर महासचिव बृजनाथ मौर्य, उपाध्यक्ष हीरालाल यादव, नगीना प्रसाद साहनी, जियाउल इस्लाम समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Previous articleछात्रा की शिकायत पर बना रास्ता, डीएम ने मौके पर पहुंचकर परखी गुणवत्ता समारा नाज की शिकायत का हुआ त्वरित निस्तारण, डीएम ने साइकिल और चॉकलेट देकर बढ़ाया बच्ची का उत्साह
Next articleस्वास्थ्य कार्यक्रमों की खराब प्रगति पर मंडलायुक्त नाराज 15 दिन में देनी होगी प्रगति रिपोर्ट, ओपीडी में कमी के कारण तलाशने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here