छात्रा की शिकायत पर बना रास्ता, डीएम ने मौके पर पहुंचकर परखी गुणवत्ता समारा नाज की शिकायत का हुआ त्वरित निस्तारण, डीएम ने साइकिल और चॉकलेट देकर बढ़ाया बच्ची का उत्साह

 छात्रा की शिकायत पर बना रास्ता, डीएम ने मौके पर पहुंचकर परखी गुणवत्ता

समारा नाज की शिकायत का हुआ त्वरित निस्तारण, डीएम ने साइकिल और चॉकलेट देकर बढ़ाया बच्ची का उत्साह

मऊ। नगर पालिका परिषद मऊ के वार्ड नंबर-17 स्थित भटकुला पट्टी में रास्ते की समस्या को लेकर कक्षा-1 की छात्रा समारा नाज ने जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत की थी। जिला प्रशासन ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को रास्ते का निर्माण कराने के निर्देश दिए। इसके बाद रास्ते का निर्माण कार्य पूरा करा लिया गया।

मंगलवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने भटकुला पट्टी पहुंचकर नवनिर्मित रास्ते का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

डीएम ने आसपास की गलियों का भी सर्वे कराने और आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की अन्य समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं नियमानुसार समाधान कराने को कहा।

निरीक्षण के बाद डीएम ने छात्रा समारा नाज से मुलाकात की और उसे साइकिल व चॉकलेट उपहार में दी। रास्ते का निर्माण पूरा होने और उपहार मिलने पर बच्ची काफी खुश नजर आई। छात्रा और उसके परिजनों ने त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण और आम लोगों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous articleजिला कारागार में बंदियों के विधिक अधिकारों की दी जानकारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जेल का निरीक्षण कर बैरक और लीगल एड क्लीनिक की व्यवस्थाएं देखीं
Next articleमतदाता सूची से नाम काटने की शिकायत लेकर डीएम से मिले सपा नेता SIR सत्यापन के नाम पर पीडीए मतदाताओं के नाम हटाने का लगाया आरोप, डीएम बोले- आदेश नहीं दिया गया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here