ज्वेलरी दुकान से अंगूठियां चोरी करने वाले दंपती गिरफ्तार
दो पीली धातु की अंगूठियां और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद, दोनों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
गोरखपुर। रामगढ़ताल पुलिस ने ज्वेलरी दुकान से अंगूठियां चोरी करने के मामले में दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दीपक सोनकर और उसकी पत्नी मीरा सोनकर के कब्जे से चोरी की दो पीली धातु की अंगूठियां और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को दोनों आरोपी ज्वेलरी दुकान पर आभूषण देखने पहुंचे थे। इसी दौरान कथित रूप से दो अंगूठियां चोरी कर ली गईं। दुकान मालिक की तहरीर पर रामगढ़ताल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 446/2026, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में चोरी की दोनों अंगूठियां बरामद हुईं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी कब्जे में ली है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास है।
मीरा सोनकर निवासी घोसी कस्बा खटकाना, थाना घोसी, मऊ के खिलाफ मधुबन, मऊ और अलीगंज, अंबेडकरनगर में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दीपक सोनकर के खिलाफ आजमगढ़, मऊ, अंबेडकरनगर और गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















