30 लाख की ठगी में वांछित अभियुक्ता कोलकाता से गिरफ्तार
दो साल में रकम 100 गुना करने का दिया था झांसा, निवेश के नाम पर गबन का आरोप
गोरखपुर। कंपनी में निवेश कर दो साल में रकम करीब 100 गुना करने का लालच देकर लगभग 30 लाख रुपये की ठगी के मामले में रामगढ़ताल पुलिस ने वांछित अभियुक्ता को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान शालिनी नास्कर पत्नी सुकांता बनर्जी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी को कंपनी में निवेश के लिए प्रेरित किया था। आरोप है कि निवेश की रकम को महज दो वर्षों में करीब 100 गुना करने का भरोसा दिलाकर उससे लगभग 30 लाख रुपये लिए गए। बाद में रकम का गबन कर लिया गया। मामले में तहरीर के आधार पर रामगढ़ताल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान अभियुक्ता की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्ता के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में ठगी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, उनका इस्तेमाल करने, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
अभियुक्ता के खिलाफ मु0अ0सं0 0750/2025 में धारा 420, 467, 468, 471 व 120बी भादवि, मु0अ0सं0 0825/2025 में धारा 419, 420, 467, 468, 471, 506 व 120बी भादवि तथा मु0अ0सं0 0760/2025 में धारा 419, 420, 467, 468 व 471 भादवि के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
















