चोरी के आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पिपराइच में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; तीन चोरी के मुकदमों में था वांछित
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम की संदिग्ध बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किए जाने पर स्कूटी सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की और बाद में पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। गोलीबारी में कांस्टेबल हनुमान यादव भी घायल हुए। वहीं आरोपी का एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुमताज अहमद उर्फ राजू पुत्र शफीक अहमद, निवासी निजामपुर चौराहा, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर के रूप में की है। उसके कब्जे से देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, दो सफेद धातु के सिक्के, 2200 रुपये नकद और दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
यूटर्न लेकर भागे, स्कूटी गिरने के बाद फायरिंग
पुलिस के मुताबिक रात करीब 2:20 बजे थानाध्यक्ष पिपराइच अनूप सिंह टीम के साथ जंगल धूषण के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय भी टीम के साथ वहां पहुंचे। दोनों टीमों ने चोरी की घटनाओं से जुड़े संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसी बीच पादरी बाजार की ओर से दोपहिया वाहन पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने यूटर्न लेकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से कांस्टेबल हनुमान यादव घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुमताज अहमद उर्फ राजू के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया।
सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराईच पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया। घायल कांस्टेबल का भी उपचार कराया गया। फरार साथी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
तीन चोरी के मुकदमों में था वांछित
पुलिस के अनुसार मुमताज के खिलाफ पिपराईच थाने में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 330/2026, 268/2026 और 236/2026 शामिल हैं। इन मामलों में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बरामद सामान के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, मादक पदार्थ और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पिपराईच थाने में आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा अपराध संख्या 482/2026 भी दर्ज है। इसके अलावा रामगढ़ताल, शाहपुर, गुलरिहा, कैंट और खजनी थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बरामद वाहनों और सामान की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय, थानाध्यक्ष पिपराईच अनूप सिंह, उपनिरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल अनुज सिंह, सुनील यादव, मोहित सिंह, हनुमान यादव तथा एंटी थेफ्ट सेल के हेड कांस्टेबल मो. मोहसिन खान, धर्मेंद्र नाथ तिवारी और नितेश बहादुर सिंह शामिल रहे।















