नौसड़ में यातायात व्यवस्था परखे, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
वाहनों के अनावश्यक ठहराव पर रोक और दबाव बढ़ने पर तत्काल यातायात प्रबंधन के आदेश
गोरखपुर। नौसड़ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने शुक्रवार को थाना गीडा क्षेत्र के नौसड़ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर वाहनों की आवाजाही, यातायात के दबाव और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नौसड़ में यातायात संचालन इस तरह सुनिश्चित किया जाए कि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहनों के खड़े होने पर रोक लगाने और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में यातायात के दबाव और वाहनों की आवाजाही की स्थिति की जानकारी ली। एसएसपी ने कहा कि भीड़ अथवा यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करें। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कराया जाए और सड़क पर व्यवस्था बिगड़ने न दी जाए।
एसएसपी ने कहा कि नौसड़ गोरखपुर शहर को आसपास के क्षेत्रों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में यहां सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी लगातार सक्रिय रहकर यातायात की निगरानी करें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराएं।
उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा।















