सूर्या स्कूल में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, डॉ. उदय प्रताप, चंद्रावती देवी व सविता चतुर्वेदी ने किया ध्वजारोहण नन्हे-मुन्नों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने मोहा मन, शहीदों के सपनों का भारत बनाने का लिया संकल्प

सूर्या स्कूल में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, डॉ. उदय प्रताप, चंद्रावती देवी व सविता चतुर्वेदी ने किया ध्वजारोहण

नन्हे-मुन्नों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने मोहा मन, शहीदों के सपनों का भारत बनाने का लिया संकल्प

संतकबीरनगर। खलीलाबाद स्थित सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

समारोह का शुभारंभ सूर्या परिवार की मुखिया चंद्रावती देवी, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी और सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया। सभी ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद मां सरस्वती, अमर शहीदों और विद्यालय के संस्थापक स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अमर सपूतों ने जो त्याग और बलिदान दिया, उसके प्रति प्रत्येक भारतीय का सिर श्रद्धा से झुक जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने तिरंगे के तीनों रंगों और अशोक चक्र के महत्व को समझाते हुए कहा कि केसरिया साहस और त्याग, सफेद शांति तथा हरा समृद्धि और उन्नति का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने भारतीय संस्कृति और सभ्यता को नमन करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और देश के सम्मान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों में भारत की प्राचीन गौरवशाली संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम की भावना के साथ आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त भारत की झलक दिखाई दी। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का सफल संचालन उप-प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक नितेश द्विवेदी, अशोक चौबे, बलिराम उपाध्याय, आशुतोष पांडेय, घनश्याम त्रिपाठी, अर्चना त्रिपाठी, निधि यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।

Previous articleतिरंगे के रंग में सजा कोतवाली थाना, शान से लहराया राष्ट्रध्वज पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य, निष्ठा और निष्पक्षता से दायित्व निभाने का लिया संकल्प
Next articleइनर व्हील क्लब संतकबीरनगर में मंडलाध्यक्ष का आधिकारिक दौरा, नई टीम ने संभाली कमान शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प; जरूरतमंद छात्र को साइकिल और बच्चों को बांटे स्कूल बैग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here