तामेश्वर धाम में डीएम-एसपी ने किया जलाभिषेक
सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
संतकबीरनगर। सावन के दूसरे सोमवार को प्रसिद्ध प्राचीन तामेश्वर धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसी बीच जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया। अधिकारियों ने जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
पूजन-अर्चन के बाद डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल प्वाइंट और ड्यूटी प्वाइंट की व्यवस्था परखी।
अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखने और किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
डीएम-एसपी ने कहा कि सावन के पावन अवसर पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।















