भद्रेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे डीएम-एसपी, कांवड़ मार्ग की परखी सुरक्षा व्यवस्था
फुटहिया भंडारे में शिवभक्तों को अपने हाथों से परोसा भोजन, श्रद्धालुओं से लिया हालचाल
बस्ती। कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार को जिलाधिकारी बस्ती और पुलिस अधीक्षक बस्ती ने बाबा भद्रेश्वरनाथ मंदिर परिसर एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने बाबा भद्रेश्वरनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने कांवड़ियों के प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
इसके बाद डीएम और एसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की स्थिति देखी। संबंधित अधिकारियों को मार्ग पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
भंडारे में शिवभक्तों की सेवा कर जीता दिल
निरीक्षण के दौरान फुटहिया स्थित भंडारे में डीएम और एसपी ने शिवभक्त कांवड़ियों को अपने हाथों से भोजन एवं प्रसाद परोसा। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा और व्यवस्थाओं का हालचाल भी जाना। अधिकारियों द्वारा की गई इस सेवा से भंडारे में मौजूद शिवभक्तों में उत्साह नजर आया।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश, साफ-सफाई और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों, संबंधित विभागों के कर्मचारियों और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।















