पुलिस की सक्रियता से कुछ ही घंटों में लापता बालक सकुशल बरामद
गीडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चौकी प्रभारी पिपरौली अमरेश सिंह की टीम ने परिजनों को सौंपा बच्चा
गोरखपुर। थाना गीडा क्षेत्र में लापता हुए 9 वर्षीय बालक को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी टीमवर्क की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार जितेन्द्र मौर्य पुत्र विश्वनाथ प्रसाद मौर्य ने थाना गीडा में सूचना दी कि उनका 9 वर्षीय पुत्र आदित्य मौर्य विद्यालय से घर आने के बाद खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही थाना गीडा पुलिस हरकत में आ गई। कई पुलिस टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर सघन खोज अभियान चलाया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों से पूछताछ की गई तथा बालक के संभावित आने-जाने वाले सभी मार्गों पर लगातार तलाश की गई।
चौकी प्रभारी पिपरौली अमरेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावी रणनीति और सतत प्रयासों के बल पर बालक आदित्य मौर्य को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने गोरखपुर पुलिस, विशेषकर चौकी प्रभारी पिपरौली अमरेश सिंह और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और प्रत्येक सूचना पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।















