गोरखपुर को नई रफ्तार देने के संकल्प के साथ इंद्र विक्रम सिंह ने संभाला मंडलायुक्त का कार्यभार विकास परियोजनाओं में तेजी, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और पारदर्शी प्रशासन पर रहेगा विशेष फोकस

गोरखपुर को नई रफ्तार देने के संकल्प के साथ इंद्र विक्रम सिंह ने संभाला मंडलायुक्त का कार्यभार

विकास परियोजनाओं में तेजी, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और पारदर्शी प्रशासन पर रहेगा विशेष फोकस

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को गोरखपुर मंडल के नए मंडलायुक्त के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता विकास परियोजनाओं को समयबद्ध गति देना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर प्रदेश का अत्यंत महत्वपूर्ण मंडल है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह क्षेत्र होने के कारण यहां की प्रशासनिक जिम्मेदारियां और भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि मंडल में संचालित सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में उन्हें पूरा कराया जाएगा। किसी भी परियोजना में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

उन्होंने गोरखपुर की धार्मिक एवं पर्यटन महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि गोरखनाथ मंदिर देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता होगी, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी फरियादी को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता, जवाबदेही और टीम भावना के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। विकास कार्यों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को भी मजबूत बनाए रखने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्य किया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण के अवसर पर अपर आयुक्त (प्रशासन) जय प्रकाश, अपर आयुक्त (न्यायिक) अजय राय, अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव तथा एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नवागत मंडलायुक्त को मंडल की प्रशासनिक व्यवस्था, प्रमुख विकास परियोजनाओं एवं वर्तमान कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन में यह उम्मीद जताई जा रही है कि इंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में गोरखपुर मंडल में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, जनसेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी और शासन की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचेगा।

Previous articleनवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह का भव्य स्वागत सर्किट हाउस पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर अधिकारियों ने किया अभिनंदन, गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित
Next articleमंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने भदेश्वरनाथ मंदिर व कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता, पुलिस-चिकित्सा व सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here