नवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह का भव्य स्वागत
सर्किट हाउस पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर अधिकारियों ने किया अभिनंदन, गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी एवं गोरखपुर के नवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह के जनपद आगमन पर गुरुवार को सर्किट हाउस में उनका भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्हें औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
सर्किट हाउस में स्वागत के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सीआरओ हिमांशु वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, जीडीए ओएसडी प्रखर उत्तम, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर सूर्य प्रकाश गुप्ता, नायब तहसीलदार देवेंद्र यादव एवं अरविंद पांडेय सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने नवागत मंडलायुक्त का आत्मीय स्वागत करते हुए गोरखपुर मंडल में उनके सफल कार्यकाल की कामना की। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद उन्होंने अधिकारियों से औपचारिक परिचय प्राप्त किया और मंडल की प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में प्रारंभिक जानकारी ली।
अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में गोरखपुर मंडल में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में और तेजी आएगी तथा प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी। उनके अनुभव और कार्यशैली से मंडल के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।















