गोरखपुर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा को भावभीनी विदाई तीन वर्ष एक माह के कार्यकाल में विकास परियोजनाओं को दी नई गति, अधिकारियों ने सराहा नेतृत्व

गोरखपुर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा को भावभीनी विदाई

तीन वर्ष एक माह के कार्यकाल में विकास परियोजनाओं को दी नई गति, अधिकारियों ने सराहा नेतृत्व

गोरखपुर। गोरखपुर मंडल के मंडलायुक्त रहे वर्ष 2008 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल ढींगरा को गुरुवार को मंडलायुक्त सभागार में भावभीनी विदाई दी गई। शासन द्वारा उनका स्थानांतरण उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में आवास आयुक्त, निदेशक नगर भूमि सीमारोपण तथा सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के महत्वपूर्ण पद पर किया गया है।

विदाई समारोह में जिलाधिकारी दीपक मीणा, गीडा (GIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, जीडीए सचिव पुष्प राज सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, अपर आयुक्त न्यायिक अजय राय, अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव, एडीएम वित्त जय प्रकाश, जीडीए ओएसडी प्रखर उत्तम, सीआरओ हिमांशु वर्मा, जीडीसी निकेत नारायण पांडेय, विशेष शासकीय अधिवक्ता गुंजन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी प्रशासन रिजवान ने किया।

समारोह में अधिकारियों ने अनिल ढींगरा के तीन वर्ष एक माह के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली। नियमित समीक्षा, स्थलीय निरीक्षण और समयबद्ध क्रियान्वयन की कार्यशैली के कारण कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ीं।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि गोरखपुर की विशेषता यह है कि यहां आने वाले अधिकारी ही नहीं, बल्कि जाने वाले अधिकारियों को भी उतने ही सम्मान और आत्मीयता के साथ याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि अनिल ढींगरा के कार्यकाल में ‘गोड़ धोइया नाला’ और ‘विरासत गलियारा’ जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को नई गति मिली, जो भविष्य में शहर की पहचान बनेंगी।

वक्ताओं ने कहा कि अनिल ढींगरा की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सहज, सकारात्मक और टीमवर्क आधारित कार्यशैली रही। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य संस्कृति को मजबूत बनाया।

इस अवसर पर अनिल ढींगरा को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी अधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में अनिल ढींगरा ने कहा कि गोरखपुर में उन्हें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा सहयोग मिला, जिसकी बदौलत विकास कार्यों को गति मिली। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता टीमवर्क से ही संभव होती है और हर कर्मचारी का योगदान समान रूप से महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने जिलाधिकारी दीपक मीणा, गीडा के सीईओ अनुज मलिक, नगर आयुक्त अजय जैन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गोरखपुर मंडल में सभी ने एक परिवार की तरह मिलकर काम किया। यही भावना इस मंडल की सबसे बड़ी ताकत रही।

समारोह के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावुक माहौल में अनिल ढींगरा को विदाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Previous articleसूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में छात्रसंघ का शपथ ग्रहण, डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने दिलाई नेतृत्व व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात कर आदर्श नेतृत्व का दिया संदेश, निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को किया सम्मानित
Next articleनवागत मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह का भव्य स्वागत सर्किट हाउस पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर अधिकारियों ने किया अभिनंदन, गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here