सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल में छात्रसंघ का शपथ ग्रहण, डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने दिलाई नेतृत्व व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात कर आदर्श नेतृत्व का दिया संदेश, निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को किया सम्मानित
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल, खलीलाबाद में बुधवार को छात्रसंघ के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने छात्र प्रतिनिधियों को पद, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और नेतृत्व की शपथ दिलाई तथा उन्हें जिम्मेदार और आदर्श छात्र नेता बनने का संदेश दिया।
समारोह में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी के साथ विद्यालय परिवार ने सभी निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। अपने संबोधन में डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है, जो अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे, इसलिए उनमें लोकतांत्रिक सोच, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों का विकास होना आवश्यक है।
एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने कहा कि अनुशासित और संवेदनशील नेतृत्व ही समाज को नई दिशा देता है। उन्होंने छात्र नेताओं से अपने व्यवहार, कार्यशैली और जिम्मेदारी के माध्यम से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।
विद्यालय में लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाल ही में छात्रसंघ चुनाव संपन्न कराए गए थे। चुनाव में अविनाश चतुर्वेदी (बालक वर्ग) और अनु यादव (बालिका वर्ग) स्कूल कैप्टन निर्वाचित हुए, जबकि आर्यन यादव (बालक वर्ग) एवं उन्नति गुप्ता (बालिका वर्ग) वाइस कैप्टन चुने गए।
शपथ ग्रहण के बाद पूरा विद्यालय परिसर छात्र-छात्राओं की तालियों से गूंज उठा। प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव एवं उप-प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ शिक्षक अशोक चौबे, नितेश द्विवेदी, अर्चना त्रिपाठी, आरती चौधरी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
















