लच्छीपुर में सफाई व्यवस्था पर सख्त हुए नगर आयुक्त, सुपरवाइजर का वेतन रोका

लच्छीपुर में सफाई व्यवस्था पर सख्त हुए नगर आयुक्त, सुपरवाइजर का वेतन रोका

 

गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने बुधवार सुबह जोन संख्या-04 के वार्ड संख्या-20 लच्छीपुर का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति एवं डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंभीर खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

नगर आयुक्त ने भगवती चौराहा, शास्त्रीपुरम और साकेतनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर कूड़े के ढेर, नियमित सफाई के अभाव तथा जाम नालियां मिलीं। नालियों में प्लास्टिक एवं कचरा भरा होने से जलनिकासी व्यवस्था भी प्रभावित होती पाई गई। इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त ने वार्ड के सफाई सुपरवाइजर अमित तिवारी का वेतन अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। वहीं जोन के सफाई निरीक्षक श्रवण सोनकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोनल सेनेटरी अधिकारी, मुख्य सफाई निरीक्षक एवं सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अलग-अलग वार्डों का भ्रमण कर सफाई कर्मचारियों एवं वाहन चालकों की उपस्थिति का सत्यापन करें तथा जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक कूड़ा संग्रहण वाहन से प्रतिदिन कम से कम 500 घरों से कचरा एकत्रित किया जाए।

नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि जो लोग निर्धारित व्यवस्था का पालन न करते हुए सड़कों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकते हैं, उन्हें चिन्हित कर सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है, जितनी प्रशासन की जिम्मेदारी।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव एवं प्रमोद कुमार, जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, मुख्य सफाई निरीक्षक पवन, सफाई निरीक्षक श्रवण सोनकर सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleडीएम ने मनरेगा से निर्मित तालाबों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई के दिए कड़े निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here