पीएम आदर्श ग्राम योजना की डीएम ने की समीक्षा, एक सप्ताह में स्थलीय सत्यापन के निर्देश
विकास कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए गठित हुई विशेष टीम, पारदर्शिता पर जोर
संतकबीरनगर।
जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चयनित ग्राम पंचायतों में योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता, व्यय की गई धनराशि और कार्यों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों की एक विशेष जांच टीम गठित की। उन्होंने निर्देश दिया कि योजना के तहत आवंटित धनराशि से कराए गए सभी निर्माण एवं विकास कार्यों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए तथा गुणवत्ता की गहन जांच सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर स्थलीय सत्यापन कर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार, तहसीलदार धनघटा रामजी, नायब तहसीलदार खलीलाबाद हरेराम यादव, नायब तहसीलदार धनघटा राजेश कुमार, नायब तहसीलदार मेहदावल प्रियंका तिवारी, विभिन्न विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















