12 जुलाई को रायबरेली में लगेेंगे 47.23 लाख पौधे, प्रमुख सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

12 जुलाई को रायबरेली में लगेेंगे 47.23 लाख पौधे, प्रमुख सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

रायबरेली। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को सफल बनाने के लिए शासन द्वारा नामित जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग अनिल कुमार सागर ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरी तत्परता और समन्वय के साथ कार्य करने तथा पौधों के संरक्षण की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में विभागवार लक्ष्य, पौधों की उपलब्धता, चिन्हित स्थलों की तैयारी, गड्ढों की खुदाई, परिवहन व्यवस्था, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, निगरानी व्यवस्था एवं अभियान के सफल संचालन से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

प्रमुख सचिव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप वृक्षारोपण अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग इसके लिए जिम्मेदारी तय करें।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शासन ने जनपद रायबरेली को 55,37,972 पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया है। इसके तहत 12 जुलाई को आयोजित होने वाले महाअभियान में 47,23,800 पौधे लगाए जाएंगे। इससे पहले विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) पर जनपद में 8,08,000 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया जा चुका है।

प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि प्रत्येक रोपण स्थल पर पौधों की पर्याप्त उपलब्धता, सिंचाई, सुरक्षा, निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा पौधों की उपलब्धता, परिवहन, नोडल अधिकारियों की तैनाती और मॉनिटरिंग की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर मिश्र, अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous article12 जुलाई को संतकबीरनगर में लगेगा 33.57 लाख पौधों का हरित महायज्ञ
Next articleमहिला अपराधों की विवेचना में लापरवाही पर दो दरोगाओं की जांच के आदेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here