बारिश में डूबा कन्या विद्यालय, सांपों के डर से नहीं पहुंचीं छात्राएं

बारिश में डूबा कन्या विद्यालय, सांपों के डर से नहीं पहुंचीं छात्राएं

सिसवा बाजार (महराजगंज)। मानसून की पहली तेज बारिश ने सिसवा स्थित कंपोजिट कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। विद्यालय परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। जलभराव और परिसर में सांप दिखाई देने के कारण शनिवार को एक भी छात्रा विद्यालय नहीं पहुंची और शिक्षण कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा।

शनिवार सुबह विद्यालय की शिक्षिकाएं अंशु अग्रवाल और निधि मिश्रा निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचीं तो मुख्य द्वार बंद मिला। किसी तरह गेट खोलकर अंदर पहुंचने पर परिसर में चारों ओर घुटनों तक पानी भरा मिला। जलभराव के बीच उगी झाड़ियों में जहरीले सांप रेंगते दिखाई दिए, जिससे विद्यालय में भय का माहौल बन गया।

स्थिति उस समय और चिंताजनक हो गई जब विद्यालय परिसर में कुछ बाहरी और अज्ञात लोग बैठे मिले। इसे लेकर अभिभावकों ने कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि बालिकाओं के विद्यालय में बाहरी लोगों का बिना रोक-टोक प्रवेश छात्राओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश से पहले नालियों की सफाई और जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन थोड़ी सी बारिश में पूरा विद्यालय परिसर तालाब में तब्दील हो गया। जलभराव के कारण छात्राओं की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई और विद्यालय में उपस्थिति शून्य रही।

अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने बेसिक शिक्षा विभाग तथा नगर निकाय से तत्काल जलनिकासी, झाड़ियों की सफाई, विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित निगरानी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो छात्राओं की पढ़ाई लगातार प्रभावित होगी और किसी अप्रिय घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Previous articleचुमुर मॉडल पर विकसित होंगे सीमावर्ती गांव, डीएम ने गुणवत्तापूर्ण डीपीआर बनाने के दिए निर्देश
Next articleन्याय आपके द्वार’ अभियान: डीएम ने विवादित भूमि का किया स्थलीय निरीक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here