ई-रिक्शा चालकों के लिए नई परेशानी! संदिग्ध ऐप के दुरुपयोग पर आरटीओ सख्त, सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
संतकबीरनगर। जनपद में ई-रिक्शा चालकों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने गंभीर चिंता जताई है। ई-रिक्शा संचालन में तकनीकी हस्तक्षेप और कथित रूप से मोबाइल एप्लिकेशन के दुरुपयोग की शिकायतों के बाद परिवहन विभाग सतर्क हो गया है। इस संबंध में परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग को मिली शिकायतों के अनुसार कुछ असामाजिक तत्व कथित रूप से ‘BAT BMS’ नामक मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए ई-रिक्शा की तकनीकी प्रणाली से छेड़छाड़ करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि इस प्रकार के दुरुपयोग से चलती हुई ई-रिक्शा अचानक रुक सकती है, जिससे सड़क दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
अधिकारियों के अनुसार आधुनिक ई-रिक्शा में बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) तकनीक लगी होती है, जिसका उपयोग बैटरी संचालन और निगरानी के लिए किया जाता है। यदि किसी तकनीकी प्रणाली के साथ अवैध हस्तक्षेप किया जाता है, तो इससे वाहन संचालन प्रभावित हो सकता है। हालांकि पूरे मामले की तकनीकी और साइबर स्तर पर जांच की जा रही है।
परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा मनोरंजन या शरारत के उद्देश्य से ऐसी गतिविधियों की शिकायतें मिली हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन संचालन में अनधिकृत हस्तक्षेप सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान कोई व्यक्ति ई-रिक्शा चालकों को परेशान करने, वाहन संचालन में बाधा डालने या तकनीकी दुरुपयोग में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कठोर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी भी की जा सकती है।
परिवहन विभाग ने स्थानीय पुलिस और साइबर सेल को भी मामले पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ई-रिक्शा चालकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तकनीकी समस्या की तत्काल सूचना संबंधित विभाग को दें।















