डीएम ने मेंहदावल सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर जताई नाराजगी

डीएम ने मेंहदावल सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर जताई नाराजगी

 

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मेंहदावल में आयोजित सेमकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभियान के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों का अवलोकन किया तथा आमजन को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। अभियान की व्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी संतुष्ट दिखाई दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण कक्ष तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डेंटल सर्जन कक्ष में लगा स्टरलाइजर खराब पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा उपकरणों की खराबी के कारण मरीजों की सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए और सभी उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखा जाए।

जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को लंबित भुगतान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र लाभार्थियों का भुगतान शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। शौचालयों की सफाई संतोषजनक न मिलने तथा वार्डों के बेड पर गंदी चादरें पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं के साथ किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

Previous article18-19 जून को प्राकृतिक खेती पर महाअभियान, किसानों को मिलेगी समृद्धि की नई राह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here