आरक्षी भर्ती परीक्षा केंद्रों का मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया निरीक्षण
बस्ती। आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को मंडलायुक्त अखिलेश सिंह और पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिवहर्ष उपाध्याय किसान डिग्री कॉलेज (सिविल लाइन), महिला पीजी कॉलेज (कंपनी बाग) तथा ए.पी.एन. पीजी कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वारों की निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया, प्रश्नपत्र वितरण व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सतर्कता की जांच की।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।















