सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जन समस्याएं, एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश
तहसील सदर में 87 शिकायतें पहुंचीं, सात मामलों का मौके पर समाधान
रायबरेली। तहसील सदर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से तहसील और थाना स्तर पर नियमित रूप से सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए जाते हैं, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यदि किसी मामले के निस्तारण में कोई बाधा हो तो उसका स्पष्ट कारण दर्ज करते हुए संबंधित पक्ष को अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित सर्वाधिक 59 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 17, विकास विभाग की 8 तथा अन्य विभागों की 3 शिकायतें दर्ज की गईं। कुल 87 प्रकरणों में से 7 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं को समय पर न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चन्द्रा, उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, तहसीलदार आकृति श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया।















