विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में होगा वृहद वृक्षारोपण अभियान
डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने अधिकारियों को दिए लक्ष्यपूर्ति और पौधों की सुरक्षा के निर्देश
रायबरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों को लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करे, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पौधे रोपे जाएं और सुरक्षित परिसरों वाले सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों को वृक्षारोपण के लिए प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सिंचाई, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा मनरेगा विभाग के अधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित कर समयबद्ध तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विशेष रूप से गंगा एवं सई नदी के तटबंधों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नदी किनारे हरित क्षेत्र विकसित करने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भूमि कटान की समस्या पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद की सभी गौशालाओं में छायादार एवं फलदार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में पर्याप्त छाया उपलब्ध होने से गोवंश को गर्मी से राहत मिलेगी और उनका संरक्षण बेहतर तरीके से हो सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण के बाद पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके जीवित रहने की जिम्मेदारी भी तय की जाए, ताकि अभियान का उद्देश्य सफल हो सके।
बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रखर मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का भरोसा दिलाया।















